आजमगढ़ , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गौरी बस्ती गांव में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर दो पूर्व प्रधानों के बीच विवाद हिंसक हो गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग लाठी-डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार गौरी बस्ती में पूर्व प्रधान सिधारी पर अनुसूचित कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण कराने का आरोप है। गांव के ही शंकर और सेठ नामक व्यक्तियों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए दूसरे पूर्व प्रधान सफदर को मौके पर बुलाया।

बताया गया कि सफदर ने मौके पर पहुंचकर पंचायत के माध्यम से निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की, जिससे विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान सिधारी और उनके परिजनों ने सफदर पर हमला कर दिया। वायरल वीडियो में सिधारी के परिवार की महिलाएं भी लाठी-डंडों के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही हैं। इस हमले में सफदर घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घायल पूर्व प्रधान सफदर गंभीरपुर थाने के सूचीबद्ध गैंगस्टर भी हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित