संतकबीरनगर , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में स्थित महान सूफी संत कबीर साहेब की परिनिर्वाण स्थली मगहर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले कबीर मगहर महोत्सव-2026 में इस बार देश के विख्यात कलाकार, साहित्यकार और कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। यह महोत्सव 28 जनवरी से 2 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोक कला के संरक्षण, सामाजिक समरसता के प्रसार और संत कबीर के मानवतावादी दर्शन को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम रहा है। महोत्सव ने वर्षों से स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होने बताया कि वर्ष 1987 से निरंतर आयोजित हो रहा यह महोत्सव विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के लोगों को एक मंच पर जोड़ते हुए भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश देता आ रहा है। लोक संगीत, भजन, कव्वाली, आल्हा एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संत कबीर की वाणी और विचारों का प्रचार-प्रसार किया जाता है।

महोत्सव के दौरान 28 जनवरी को भजन संध्या में अनूप जलोटा, 29 जनवरी को कवि सम्मेलन एवं मुशायरा, 30 जनवरी को संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव, 31 जनवरी को इंडियन आयडल फेम कुलदीप चौहान एवं गायक रूपेश मिश्रा, 1 फरवरी को भोजपुरी नाइट में कल्पना पटवारी तथा 2 फरवरी को गजल गायक कमाल खान और 1990 के दशक के चर्चित गायक अल्ताफ राजा अपनी प्रस्तुतियाँ देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित