कबीरधाम , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच पूरी करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। मामला कुकदूर थाना क्षेत्र के ग्राम रोकनी का है, जहां आपसी विवाद के चलते हुई मारपीट में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस से रविवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय सोनकली बैगा को उसके पति जेठूराम बैगा ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान 27 अप्रैल 2026 को उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक सूचना के आधार पर थाना कवर्धा में मामला दर्ज किया गया, जबकि घटनास्थल कुकदूर थाना क्षेत्र में होने से वहां मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका का अपने पड़ोसी अर्जुन बैगा के साथ कथित अवैध संबंध था। 21 अप्रैल को अर्जुन बैगा की पत्नी मंदाकिनी बैगा ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान आवेश में आकर मंदाकिनी बैगा ने बांस के डंडे से सोनकली बैगा पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल महिला घर पहुंची और परिजनों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी मंदाकिनी बैगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित