बैतूल , मार्च 9 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में इटारसी रोड स्थित एक कबाड़खाने में लगी भीषण आग के मामले में कोतवाली पुलिस ने संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना सात मार्च की शाम करीब छह बजे पेट्रोल पंप के पास संचालित रशीद खान के कबाड़खाने में हुई, जहां अज्ञात कारणों से आग लग गई। कबाड़खाने में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, रबर टायर, वाहनों का स्क्रैप और अन्य ज्वलनशील सामग्री असुरक्षित तरीके से रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कबाड़ का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया और गंज थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को घेरकर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
आग बुझाने के लिए बैतूल के अलावा शाहपुर, घोड़ाडोंगरी, आठनेर और मुलताई से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार कबाड़खाने के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी और आसपास रिहायशी मकान भी हैं, जिससे बड़ी जनहानि की आशंका थी। हालांकि पुलिस, प्रशासन और दमकल दल की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि कबाड़खाने में ज्वलनशील सामग्री का असुरक्षित भंडारण किया जा रहा था। इस पर कोतवाली थाने में आरोपी रशीद खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम और विद्युत अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित