मोहाली , दिसंबर 17 -- पंजाब के कबड्डी खिलाड़ी-सह-प्रमोटर कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बालाचौरिया का हत्यारा शूटर हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्डू बुधवार को मोहाली में लालडू के नजदीक अंबाला राजमार्ग पर पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में पुष्टि करते हुए कहा, "एक बड़ी सफलता में, एसएएस नगर पुलिस ने मोहाली में कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बालाचौरीया की हाल ही में हुई हत्या के सिलसिले में तरन तारन के नौशेरा पन्नुआं के रहने वाले हरपिंदर उर्फ मिड्डू को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस टीम के साथ गोलीबारी के बाद पकड़ा गया। ऑपरेशन के दौरान, आरोपी घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीछा करने के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी कई गंभीर अपराधों में शामिल है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड गंभीर है। आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि मोहाली के सोहाना गांव में 15 दिसंबर को कबड्डी मैच के दौरान प्रशंसक बनकर आए तीन युवकों ने सेल्फी के बहाने खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। पंजाब पुलिस ने शूटरों की पहचान की है, इनकी पहचान आदित्य और करण के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित