वाराणसी , जनवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप के मामले में सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित महमूरगंज में प्रमुख अभियुक्त भोला प्रसाद जायसवाल की करोड़ों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान वाराणसी पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। सोनभद्र पुलिस द्वारा आज वाराणसी के भेलूपुर, सिगरा और चेतगंज क्षेत्रों में भोला प्रसाद जायसवाल की कुल 28 करोड़ 50 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में संपत्ति जब्त करने की यह कार्रवाई चल रही है। श्री मिश्रा ने बताया कि न्यायालय सोनभद्र के आदेश पर एनडीपीएस एक्ट के तहत बीएनएस की धारा 107 के अंतर्गत आज वाराणसी के भेलूपुर अंतर्गत तुलसीपुर महमूरगंज की संपत्ति जब्त की गई है। कुछ देर में चेतगंज और सिगरा थाना क्षेत्रों में स्थित अन्य संपत्तियों को भी जब्त किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित