सोनभद्र , जनवरी 23 -- कोडीन युक्त कफ सिरप की जांच कर रही सोनभद्र पुलिस की एसआईटी टीम ने मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद की अपराध जगत से अर्जित की गई 28.50 करोड़ की संपत्ति न्यायालय के आदेश पर कुर्क कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के मुख्य अभियुक्त भोला प्रसाद के खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली में एनडीपीएस व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस मामले की जांच एसआईटी द्वारा किया जा रहा है। एसआईटी ने कफ तस्करी के मुख्य अभियुक्त वाराणसी निवासी भोला प्रसाद को कुछ दिन पहले विदेश पलायन के प्रयास के दौरान दमदम एयरपोर्ट, कोलकाता से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सोनभद्र में निरुद्ध किया गया है। एसआईटी जांच में प्रकाश में यह तथ्य आया कि अभियुक्त द्वारा कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के लिये संगठित सिंडिकेट का संचालन करते हुए अपराध से अर्जित लगभग Rs.28 करोड़ 50 लाख की चल एवं अचल संपत्ति अर्जित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित