कपूरथला , जनवरी 21 -- पंजाब में कपूरथला की मॉडर्न जेल में बुधवार को चलाये गये एक विशेष तलाशी अभियान के दौरान, जेल अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों से पांच मोबाइल फोन बरामद किए, जिसके बाद जेल नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पांच कैदियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कपूरथला जेल के सहायक अधीक्षक बलदेव सिंह की शिकायत पर कार्रवाई की गयी, जिसके बाद कपूरथला के कोतवाली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। श्री सिंह ने बताया कि वरिष्ठ जेल अधिकारियों के नेतृत्व में जेल गार्डों ने लंगर-2 ब्लॉक ए की गहन तलाशी ली। इस अभियान के दौरान गुरदासपुर जिले के कलानौर निवासी गुरबचन सिंह से एक सफेद रंग का कीपैड वाला मोबाइल फोन, एक लावा बैटरी और एक बीएसएनएल सिम कार्ड बरामद किया गया। इसके अलावा, वार्ड नंबर 4 में तैनात वार्डन सुरिंदरपाल सिंह ने कमरा नंबर 5 की तलाशी ली, जहां गुरदासपुर जिले के तलवारा निवासी अमन की जैकेट से सिम कार्ड सहित एक वीवो टच-स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इसी अभियान के दौरान, जेल कर्मचारियों ने पट्टीवाली निवासी अर्शदीप सिंह से खदुर साहिब, तरन तारन में पंजीकृत मोबाइल फोन बरामद किया। तलवारा निवासी निर्वैर सिंह से मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त, कपूरथला के शेरगढ़ मोहल्ला निवासी देव दर्शन के कमरे की तलाशी के दौरान, जेल अधिकारियों ने डिब्बे में रखा हुआ मोबाइल फोन बरामद किया।

जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी पांच कैदियों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। आगे की जांचजारी है और पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जेल सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित