फगवाड़ा , दिसंबर 27 -- पंजाब पुलिस ने फगवाड़ा में हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना के संबंध में एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से कारतूसों सहित एक देसी पिस्तौल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने शनिवार को बताया कि यह मामला सदर फगवाड़ा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज एफआईआर से संबंधित है। घटना 14 अक्टूबर की शाम को घटी, जब सुखप्रीत सिंह उर्फ सुखा, जो ईस्टवुड स्थित एक प्रतिष्ठान में पूर्व कर्मचारी था और जिसे पहले नौकरी से निकाल दिया गया था, अपने साथियों के साथ परिसर में लौटा। जब सुरक्षा गार्ड संदीप कुमार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उस पर हमला किया और जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली गार्ड की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर दहशत फैल गयी।
माधवी शर्मा ने बताया कि सुखप्रीत सिंह और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ तुरंत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान जालंधर जिले के पूरनपुर गांवके निवासी रोहित वर्मा की भूमिका सामने आयी। घटना के बाद, रोहित वर्मा को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू पुलिस ने नशीले पदार्थों से जुड़े एक अलग मामले में गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद, पेशी वारंट के आधार पर रोहित वर्मा को फगवाड़ा मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और बरामदगी की कार्यवाही के दौरान, पुलिस ने एक पिस्तौल और चार कारतूस जब्त किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित