चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष परमजीत सिंह कैंथ ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली 'आप' सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि सरकार राज्य में बढ़ते नशीली दवाओं (ड्रग्स) के संकट से निपटने में विफल रही है।
श्री कैंथ ने सुल्तानपुर लोधी (जिला कपूरथला) की एक अत्यंत दुखद घटना का हवाला देते हुए कहा कि यह पारिवारिक त्रासदी, जिसमें एक ही परिवार के चार पुत्रों की नशे के कारण मृत्यु हो गयी और पांचवां बेटा अभी भी नशे की लत से जूझ रहा है, उस कड़वी हकीकत को उजागर करती है, जिसे राज्य सरकार स्वीकार करने को तैयार नहीं है।
उन्होंने प्रशासन और कपूरथला पुलिस द्वारा जारी बयानों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें 'असंवेदनशील और टालमटोल वाला' बताया। रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने एक दुखी माँ की चीख-पुकार को महज 'शोर' करार देकर खारिज कर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित