नयी दिल्ली , जनवरी 23 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि टैरिफ तथा चीनी और बंगलादेशी प्रतिस्पर्धा के कारण कपड़ा उद्योग खस्ताहाल हो गया है इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पर ध्यान देना चाहिए।

श्री गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का टैरिफ प्रभाव देखने गारमेंट एक्सपोर्ट फैक्ट्री का दौरा किया और सच देखने के बाद सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए लिखा "मोदी जी, आप जवाबदेह हैं। कृपया इस मामले पर ध्यान आकर्षित करें। भारत का कपड़ा उद्योग हमारी अर्थव्यवस्था में दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता है और हमारा कपड़ा उद्योग दुनिया भर में पसंद किया जाता है। हमारे दर्जी की कलाकारी का सच में कोई मुकाबला नहीं है। फिर भी आज यह उद्योग अमेरिकी टैरिफ के कारण गहरी अनिश्चितता और भय का सामना कर रहा है। अमेरिका के 50 प्रतिशत टैरिफ, यूरोप में गिरती कीमत और बंगलादेश, चीन से कड़ा मुकाबला हमारे परिधान और कपड़ा निर्यातक हर तरफ से पिस रहे हैं। इसका सीधा असर नौकरियों पर पड़ रहा है क्योंकि इकाइयां बंद हो रही हैं, खरीद घट रही है और पूरे सेक्टर में नौकरियां बंद हो रही हैं।"उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उद्योग को कोई राहत नहीं दी है या टैरिफ के बारे में कोई बात भी नहीं की है जबकि इस क्षेत्र में 4.5 करोड़ से अधिक नौकरियां और लाखों व्यवसाय दांव पर हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा "हाल ही में हरियाणा में एक कपड़ा फैक्ट्री के दौरे के दौरान, मैंने हमारे दर्जियों के कौशल और हमारे लोगों की दृढ़ता और महत्वाकांक्षा को प्रत्यक्ष रूप से देखा - उन्हें बस एक ऐसी सरकार चाहिए जो उन्हें वास्तविक समर्थन दे। उनका यह भी कहना था कि यह जरूरी है कि भारत एक अमेरिकी व्यापार समझौता हासिल करे जो भारतीय व्यवसायों और भारतीय श्रमिकों को पहले स्थान पर रखे। प्रधानमंत्री मोदी को अपनी खुद की कमजोरी का असर हमारी अर्थव्यवस्था पर और अधिक नहीं पड़ने देना चाहिए।

उन्होंने कहा "50 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ और अनिश्चितता भारत के कपड़ा निर्यातकों को बुरी तरह प्रभावित कर रहे हैं। नौकरी छूटना, फ़ैक्टरी बंद होना और ऑर्डर कम होना हमारी 'मृत अर्थव्यवस्था' की वास्तविकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित