मुंबई , जनवरी 22 -- केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने गुरुवार को मुंबई में एक बैठक में कपड़ा आयुक्त कार्यालय की गतिविधियों की समीक्षा की। इस अवसर पर कपड़ा सचिव नीलम शमी राव भी उपस्थित थीं।
मंत्रालय की ओर से दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार बैठक में कपड़ा आयुक्त वृंदा देसाई ने कपड़ा आयुक्त कार्यालय की पुनर्गठित भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें देश के कपड़ा बजार को वर्ष 2030 तक 350 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की परिकल्पना के अनुरूप तैयार किया गया है।
इस दौरान भारतीय वस्त्र एवं परिधान विकास केंद्र (आईटीडीएसी ) की इरोड पायलट परियोजना, कपड़ा क्षेत्र के डेटा पारिस्थितकी तंत्र को सुदृढ़ करने की पहल (पावरलूम ऐप, टीएसआरएस का पुनर्गठन, फाइबर मैपिंग) तथा कपड़ा क्षेत्र के लिए संशोधित प्रौद्योगिकी उन्नयन कोष योजना (एटीयूएफएस ) के अंतर्गत हुई प्रगति जैसे प्रमुख कदमों पर प्रकाश डाला गया।
कपड़ा मंत्री श्री सिंह ने अब तक की ठोस प्रगति की सराहना की और आईटीडीएसी की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया और कपड़ा क्षेत्र में सुधारों को तेज़ करने तथा प्रभावी कार्यान्वयन को और मजबूत करने के लिए मंत्रालय के निरंतर समर्थन का पुनः आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित