कन्नौज , जनवरी 05 -- कन्नौज जिला जेल से रविवार रात में जेल में नये साल की पार्टी का फायदा उठाते हुये दो कैदी दीवार फांद कर फरार हो गये। सोमवार सुबह कैदियों की गिनती करने पर मामले का पता चला।

जेल के बड़े अधिकारी पार्टी में नाच गाना करते रहे और कैदी मौके का फ़ायदा उठाकर फरार हो गए। इसी का फायदा उठाकर कैदियों ने कंबल को आपस में जोड़कर रस्सी जैसा बनाया और दीवार को फांदकर निकल गए। दीवार की ऊंचाई 22 फीट से ज्यादा है, जिसे फांदकर बंदी भागे हैं। रात में जेल के सभी कैदियों को बैरक भेजा गया, लेकिन गिनती नहीं हुई। सुबह जब सभी कैदी निकाले गए तो गिनती में दो कैदी कम निकले। इसके बाद काफी जेल तक जेल प्रशासन इसे छिपाने की कोशिश करता रहा और अंदर ही खोजबीन जारी रखी।

घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी समाधान दिवस छोड़कर जिला जेल पहुंचे। मामले में चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। कन्नौज जिला जेल की 22 फीट ऊंची दीवार को बंदी अंकित और शिवा ने कम्बल के सहारे पार किया। एक साथ कई कम्बल बांधकर उसे रस्सी की तरह इस्तेमाल किया गया। सोमवार सुबह बैरक से बंदियों को निकालकर हर रोज की तरह गिनती की गई। जिसमें दो बंदी कम थे।जेल के अंदर ही उनकी गुपचुप तलाशी ली गई। इसके बाद जेल परिसर के आसपास देखा गया।

जेल गेट के बगल की पूर्वी दीवार के सहारे रस्सीनुमा कम्बल लटके दिखाई दिए तो जेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया।मामले की जानकारी मिलती ही डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी बिनोद कुमार को दी गई। उस समय डीएम और एसपी सदर तहसील में समाधान दिवस में समस्याएं सुनने गए थे।बताया गया कि जेल के चारो तरफ वॉच टॉवर लगे हैं, लेकिन इस पर सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर नहीं रहते। यदि वॉच टॉवर से निगरानी की जा रही होती तो भागने का प्रयास करते वक्त बंदी पकड़े जाते।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित