चंडीगढ़ , फरवरी 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके आधिकारिक आवास संत कबीर कुटीर में गुरुवार को कनाडा के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कनाडा की अल्बर्टा सरकार में स्वदेशी संबंध मंत्री राजन साहनी ने किया। बैठक के दौरान हरियाणा-कनाडा सहयोग को और मजबूत करने को लेकर शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और निवेश जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि हरियाणा वैश्विक साझेदारियों के माध्यम से कौशल संवर्धन तकनीकी नवाचार और आर्थिक विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में हरियाणा के छात्र कनाडा में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं जिससे दोनों देशों के बीच शैक्षणिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। इस अवसर पर भारत विशेष रूप से हरियाणा में कनाडाई विश्वविद्यालयों के विदेशी परिसर स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने अल्बर्टा के उन्नत कौशल विकास मॉडल और शिक्षा व रोजगार के बीच अंतर को पाटने के लिए चलाई जा रही पहलों की जानकारी दी। दोनों पक्षों ने व्यावसायिक शिक्षा, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और कार्यबल विकास कार्यक्रमों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई जिससे हरियाणा के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

बैठक में ऊर्जा, नवीकरणीय संसाधन, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स और मुक्त व्यापार जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि आधारित उद्योगों और आपूर्ति श्रृंखला अवसंरचना में हरियाणा की बढ़ती क्षमताओं को रेखांकित करते हुए कनाडा के साथ तकनीकी सहयोग और निवेश की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की।

मुख्यमंत्री सैनी ने द्विपक्षीय सहयोग, शैक्षिक आदान-प्रदान और आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार की ओर से हर संभव समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जो हरियाणा-कनाडा संबंधों की मजबूती को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित