हरिद्वार, मार्च 01 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कनखल पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, कबाड़ियों एवं घरेलू नौकरों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया। प्रातःकाल अलग-अलग टीमों ने बैरागी कैंप सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सघन जांच की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 30 व्यक्तियों का मौके पर सत्यापन किया। बिना सत्यापन किरायेदार व घरेलू नौकर रखने वाले एक मकान मालिक के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत 10 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया गया। संबंधित रिपोर्ट माननीय न्यायालय को भेजी जा रही है, जहां से जुर्माने की वसूली की जाएगी।
इसके अलावा धारा 81 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत दो व्यक्तियों के 250 रुपये -250 रुपये (कुल 500 रुपये) के चालान मौके पर ही किए गए।
पुलिस ने मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वह अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों व अन्य बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। साथ ही फड़-ठेली संचालकों और अन्य अस्थायी रूप से रह रहे लोगों को भी शीघ्र सत्यापन कराने के लिए जागरूक किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित