हरिद्वार , जनवरी 28 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब बैरागी कैंप स्थित प्रकाश टेंट के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते-ही-देखते आग की लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक आसमान में छाया रहा, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को अन्य गोदामों और रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोक लिया गया। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया गया, वहीं पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि टेंट सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान तेजी से जलने लगा। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं और धुएं के घने गुबार ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया था।

गनीमत यह रही कि इस हादसे में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि या हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घटना स्थल से दूरी बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित