वॉशिंगटन , मार्च 27 -- कतर के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जासिम अल-थानी ने वॉशिंगटन में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट से मुलाकात कर रक्षा सहयोग को मजबूत करने और वैश्विक ऊर्जा बाजार में हो रहे बदलावों पर चर्चा की है।

यह बैठक पश्चिम एशिया में हो रहे ताजा घटनाक्रम और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यवधान के बीच गुरुवार को आयोजित की गयी। दोनों पक्षों ने वैश्विक ऊर्जा बाजार की स्थिति पर विचार-विमर्श करते हुए ऊर्जा आपूर्ति की स्थिरता सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया।

कतर के विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, दोनों देशों ने वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा को समर्थन देने के लिए कतर से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

बैठक में अमेरिका और कतर के बीच घनिष्ठ रणनीतिक सहयोग पर भी चर्चा हुई तथा विशेष रूप से वर्तमान क्षेत्रीय परिस्थितियों के मद्देनजर रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर विचार किया गया।

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय परिदृश्य में तेजी से हो रहे बदलाव और ऊर्जा संबंधी चिंताओं के बीच रणनीतिक समन्वय बढ़ाने पर भी सहमति जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित