बहराइच , फरवरी 5 -- बहराइच मं कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के चहलवा इलाके में बुधवार शाम तेंदुए के हमले में एक बालक की मौत हो गई।

निषाद नगर गांव में घर के बाहर खेल रहे अरुण (8) पुत्र सुभाष पर जंगल की ओर से आए तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया और उसे मुंह में दबाकर ले जाने लगा। बच्चे की चीख सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े तो तेंदुआ घायल अवस्था में उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

गंभीर रूप से घायल अरुण को तत्काल एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम ने गांव में बिजली न होने से अंधेरे का फायदा उठाकर तेंदुए के हमले की आशंका जताते हुए वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उधर, डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है और पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है। साथ ही क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित