कौशाम्बी , मार्च 19 -- वासंतिक नवरात्र के प्रथम दिवस पर गुरुवार को कड़ा धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां शैलपुत्री स्वरूप शीतला देवी मंदिर कड़ाधाम में दोपहर बाद तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर मनोकामना की कामना की।
नवरात्र प्रतिपदा तिथि पर कड़ाधाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। तड़के सुबह से ही श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए कतारबद्ध नजर आए और "जय माता दी" के जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने कड़ाधाम पहुंचकर सबसे पहले गंगाकुबरी घाट, कालेश्वर घाट सहित विभिन्न स्नान स्थलों पर गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दान-पुण्य किया। इसके बाद वे मां शीतला के दरबार पहुंचे, जहां नारियल, फूल-माला, ध्वज, पताका एवं प्रसाद अर्पित कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रवेश एवं निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया है। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है, जबकि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित