भरतपुर , दिसम्बर 29 -- राजस्थान के भरतपुर संभाग में कई दिनों के बाद सोमवार को छाये घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी से आम जनजीवन और सड़क एवं रेल यातायात प्रभावित हुआ।

बेहद कम दृश्यता के कारण आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 के साथ सम्भाग के सभी मार्गों पर वाहनों को लाइट जलाकर रेंगते हुए चलना पड़ा, वहीं दिल्ली-मुंबई एवं जयपुर-आगरा रेलमार्ग पर धीमी गति की वजह से अधिकतर रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से कई घण्टे विलंब से चल रही हैं।

संभाग में सोमवार दोपहर तक कहीं भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने के कारण बढ़ी गलन एवं ठंड के असर से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। घने कोहरे की वजह से राजमार्गों पर दुर्घटनाओं की आशंका को देखते वाहनों की रफ्तार धीमी रखने, फॉग लाइट और हेडलाइट जलाकर बेहद सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गयी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सम्भाग में सर्दी का असर और बढ़ने की संभावना है। कोहरे का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित