कोरबा , दिसंबर 20 -- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के तानाखार मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अल्टो कार और डीजल टैंकर के बीच हुई भीषण आमने-सामने टक्कर में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्टो कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। सभी सूरजपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो इलाज कराने के लिए सूरजपुर से बिलासपुर जा रहे थे। इसी दौरान तानाखार के पास सामने से आ रहे डीजल टैंकर से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि अल्टो कार के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में 36 वर्षीय जुगनू खान, निवासी सूरजपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मृतक कार में ही फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायलों को एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना है।

हादसे के बाद मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार देखी गई।

सूचना मिलने पर कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर करीब आधे घंटे बाद यातायात को सुचारु कराया गया।

कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि अल्टो कार और डीजल टैंकर के बीच टक्कर हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि कार सवार इलाज के लिए जा रहे थे। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक सड़क हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित