भुज , जनवरी 22 -- गुजरात में कच्छ के रणोत्सव में सखी क्राफ्ट बाजार आकर्षण का केन्द्र बना जिसमें अब तक पांच करोड़ रुपए से अधिक की बिक्री हुई है।

आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में विभिन्न पहलें की जा रही हैं। इन प्रयासों के अंतर्गत इस वर्ष कच्छ के रणोत्सव में सखी क्राफ्ट बाजार का आयोजन किया गया। इस बाजार में स्वयं-सहायता समूहों से जुड़ी बहनों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री के लिए विशाल डोम में 100 स्टॉल्स की व्यवस्था की गई है। रणोत्सव में आने वाले पर्यटकों में सखी क्राफ्ट बाजार आकर्षण का केन्द्र बना है और अब तक पांच करोड़ रुपए से अधिक की बिक्री हुई है।

इस क्राफ्ट बाजार में 330 स्वयं-सहायता समूह की महिलाओं को अलग-अलग चरणों में स्टॉल दिए जा रहे हैं, जिसमें गुजरात सहित देशभर से अन्य राज्यों की महिलाएँ भी शामिल हुई हैं। क्राफ्ट बाजार की मुलाकात पर्यटकों के लिए यादगार स्मृति बनी है। क्राफ्ट बाजार के साथ लाइव संगीत कार्यक्रमों का आयोजन तथा कैफेटेरिया भी बनाया गया है। हस्तकला तथा हथकरघा से लेकर मिट्टी के बर्तनों, ज्वैलरी तथा होम डेकोर सहित पैकेज फूड की भी यहाँ बिक्री हो रही है। इस क्राफ्ट बाजार में परंपरागत हस्तकला तथा आधुनिक डिजाइन का अनूठा संयोजन देखने को मिल रहा है। अब तक 4.5 लाख से अधिक लोगों ने इस सखी क्राफ्ट बाजार की मुलाकात ली है।

गुजरात सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के अधीनस्थ गुजरात लाइवलीहुड प्रमोशन कंपनी लिमिटेड द्वारा सखी मंडल की बहनों के लिए हर वर्ष मार्केटिंग के हिस्से के रूप में राष्ट्रीय स्तर के दो सरस मेलों तथा क्षेत्रीय स्तर के 10-12 सरस मेलों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष इसमें वृद्धि कर शॉपिंग फेस्टिवल, बड़े मॉडल में सखी मार्केट, फ्ली मार्केट, स्वदेशी मेलों तथा पर्यटन के कार्यक्रमों में भी सखी मंडलों के लिए वस्तुओं की बिक्री एवं ब्रैंडिंग की व्यवस्था की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित