नोम पेन्ह , फरवरी 01 -- कंबोडिया में ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ नवीनतम कार्रवाई के दौरान कुल 2,044 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें 36 भारतीय भी शामिल हैं। यह जानकारी कंबोडियाई गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने रविवार को दी।

शनिवार को दक्षिणपूर्वी स्वे रींग प्रांत के बावेत शहर में 22 इमारतों वाले एक कैसिनो पर छापेमारी के दौरान आठ अलग-अलग देशों के संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। कम्पूचिया न्यूज के अनुसार, गिरफ्तार हुए कुल 2,044 विदेशी नागरिकों में 1,792 चीनी, 177 वियतनामी, 179 म्यांमारी, 30 नेपाली, पांच ताइवानी, एक मलेशियाई, दो लाओसी, 36 भारतीय और एक मैक्सिकन नागरिक हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता टच सोखाक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, "यह वास्तव में दर्शाता है कि कंबोडियाई सरकार ऑनलाइन धोखाधड़ी में शामिल अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई में कभी ढील नहीं देगी।"उन्होंने कहा कि कंबोडिया अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह नहीं बल्कि नरक है। दक्षिण पूर्वी एशियाई देश ने सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था एवं सामाजिक सुरक्षा को बनाए रखने और उसकी रक्षा करने के उद्देश्य से साइबर धोखाधड़ी नेटवर्क के खिलाफ अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी कार्रवाई शुरू की है।

कंबोडिया में ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने वाली तदर्थ समिति की पिछले सप्ताह की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले सात महीनों में देश में 23 देशों के कुल 5,106 ऑनलाइन धोखाधड़ी के संदिग्धों को गिरफ्तार किया जिनमें से 4,534 को उनके देशों में निर्वासित किया गया। यह छापेमारी राष्ट्रीय पुलिस के आयुक्त जनरल सार थेट के नेतृत्व में और उप आयुक्त चिव फाली और मेउंग सोथिया के समन्वय से की गई थी जिसमें 700 पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित