नोम पेन्ह , दिसंबर 18 -- कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा पर जारी झड़पों के बीच कंबोडिया में नागरिकों की मौत का आंकड़ा बढ़कर 18 हो गया है।
कंबोडिया के आंतरिक मंत्रालय के प्रवक्ता टच सोखक ने गुरुवार सुबह एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बुधवार शाम 6 बजे तक संघर्ष में मारे गए कंबोडियाई नागरिकों की कुल संख्या 18 तक पहुंच गई है और घायलों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है।
श्री सोखक ने कहा कि विस्थापित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 1,44,066 परिवारों तक पहुंच गई है, जिसमें 4,76,179 व्यक्ति शामिल हैं। इनमें 2,40,000 से अधिक महिलाएं और लगभग 1,30,000 बच्चे शामिल हैं।
कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय की राज्य सचिव और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने कहा कि बुधवार आधी रात से गुरुवार सुबह तक, थाई सैन्य बलों ने कंबोडियाई क्षेत्र में कई ठिकानों पर हमले किये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित