नोम पेन्ह/बैंकॉक , दिसंबर 17 -- कंबोडिया और थाईलैंड के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष में सैनिकों एवं नागरिकों सहित 52 लोग मारे जा चुके हैं, जबकि करीब सात लाख लोगों को विस्थापित होने पर मजबूर होना पड़ा है।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा कि अब तक कंबोडिया के 17 नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 77 अन्य घायल हुए हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस संघर्ष की वजह से 4.38 लाख लोग अपने घर छोड़ने के लिये मजबूर हुए थे।

रिपोर्ट में रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा गया कि बुधवार सुबह से थाई सैनिक कंबोडिया के ओद्दार मीनचे, बंतेय मीनचे और पुरसात प्रांत पर हमले के लिये मशीन गन वाले टैंक, बम गिराने वाले ड्रोन और एफ-16 लड़ाकू विमान का इस्तेमाल कर रहे थे।

इस बीच, अनादोलू एजेंसी ने थाई अधिकारियों के हवाले से कहा कि अब तक 19 थाई सैनिक और 16 थाई नागरिक संघर्ष में अपनी जान गंवा चुके हैं। करीब 2.2 लाख थाई नागरिकों को सीमांत इलाकों से अपना घर छोड़ना पड़ा है।

उल्लेखनीय है कि कंबोडिया-थाईलैंड सीमा विवाद सात दिसंबर से दोबारा शुरू हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला शुरू करने का आरोप लगाया है। दोनों देशों ने अक्टूबर में कुआलालंपुर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मौजूदगी में एक शांति समझौता किया था, लेकिन बाद में सीमावर्ती प्रांत में लैंडमाइन विस्फोट में थाई सैनिकों के गंभीर रूप से घायल होने के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित