चमोली , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026 की तैयारियां पूरी हो गयी है।

जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 13 फरवरी से 16 फरवरी तक चार दिवसीय नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप और विंटर कार्निवल का आयोजन किया जायेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी औली पहुँच कर नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप और कार्निवल का उद्घाटन करेंगे।

औली में आयोजित होने वाली नेशनल स्कीइंग चैम्पियनशिप और कार्निवल के लिए आज विंटर गेम्स एसोसिएट्स ऑफ उत्तराखंड के अजय भट्ट सचिव, राकेश रंजन भिलंगवाल आईटीबीपी औली से एएसएस कमांडेंट नानक चंद जीएमवीएन के प्रदीप मंद्रवाल, कमल किशोर डिमरी, प्रदीप शाह, क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र गुसाईं विकेश डिमरी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सभी अधिकारियों ने स्कीइंग स्लोप का निरीक्षण कर सुरक्षा, तकनीकी मानकों एवं खिलाड़ियों की सुविधाओं की समीक्षा की। तथा आगामी खेलों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर रेस ऑफिस से विजयंत रावत, विजय सती, विक्रम फरस्वाण, राजीव मेहता (गुड्डू), विमलेश पंवार एवं विश्वजीत शाह ने जानकारी देकर कहा हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, गुजरात, आर्मी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ सहित कुल 17 टीमों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रतियोगिताओं में स्की माउंटेनियरिंग, स्नो बोर्डिंग एवं स्कीइंग के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती पांडवास टीम की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित