औरैया , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में औरैया जिले के ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक की टक्कर से 11 केवी लाइन का बिजली का पोल दो हिस्सों में टूट गया।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कानपुर देहात के थाना शिवली अंतर्गत दूंदपुर बाघपुर (डेरा जोगी) निवासी अमिताभ नाथ (30) और उनके साथी रामकुमार नाथ (32) एक ही बाइक पर सवार होकर कन्नौज के सिकंदरपुर गांव जा रहे थे। वे वहां एक रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने वाले थे।
बुधवार रात करीब 11 बजे जब उनकी बाइक उमरैन चौकी क्षेत्र के दोबामाफी मोड़ के पास पहुँची, तभी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे 11 केवी के बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा टूट गया, जिसके चलते उमरैन फीडर की बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। गश्त पर निकले एरवाकटरा थाना प्रभारी विनेश कुमार तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एरवाकटरा पहुँचाया। अस्पताल पहुँचते ही चिकित्सकों ने अमिताभ नाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि रामकुमार नाथ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित