भोपाल सीधी , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने राज्य के सीधी में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक अव्यवस्थाओं के चलते जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को हटाने के निर्देश दिए।
डॉ यादव ने कल ये कार्रवाई की। वे उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर से लौटते हुए सीधी जिला मुख्यालय पहुंचे और वहां आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस कार्रवाई के बारे में मुख्यमंत्री ने कल रात सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने सीधी जिला मुख्यालय में आकस्मिक निरीक्षण किया। इसमें जनता एवं जनप्रतिनिधिगणों की शिकायतों, जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा एवं फीडबैक के आधार पर जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। अधिकारी जहाँ काम कर रहे हैं, उनको जवाबदारी से काम करना चाहिए। जवाबदारी उनकी नियुक्ति के साथ ही होती है।
दरअसल सीधी में लंबे समय से जनप्रतिनिधियों की ओर से कलेक्टर के बारे में शिकायतें सामने आ रहीं थीं। बताया जा रहा था कि कलेक्टर न केवल जनता, बल्कि जनप्रतिनिधियों की भी लंबे समय से उपेक्षा कर रहे थे और कई जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर द्वारा उनके फोन भी नहीं उठाने की शिकायत की थी।
श्री सोमवंशी अपने पद के दुरुपयोग के मामले को लेकर भी विवादों में रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित