नैनीताल , फरवरी 09 -- उत्तराखंड विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने काशीपुर में खनन कार्य में लगे तेज रफ्तार और ओवरलोड डंपरों को ''चलती-फिरती मौत'' बताते हुए कहा कि इन लगातार हो रही मौतों की सीधी जिम्मेदारी राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस विभाग की है।

उन्होंने जारी एक बयान में सोमवार को काशीपुर के ढकिया नंबर-1 स्थित शिवनगर में ग्रामीण की दर्दनाक मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बीते दो-तीन दिनों में ढकिया, कुंडेश्वरी, कुण्डेश्वरा और ब्रह्मनगर क्षेत्रों में खनन वाहनों से पांच निर्दोष नागरिकों की अकाल मृत्यु हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि खनन वाहनों की चपेट में आने से काशीपुर में जिस रफ्तार से लोग मर रहे हैं, उतनी मौतें अब युद्ध या प्राकृतिक आपदा में भी नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि यह हादसे नहीं हैं बल्कि सरकार की लापरवाही से हो रहे जन हत्याएं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया ''रोज किसी न किसी घर का चिराग बुझ रहा है और सरकार और प्रशासन गहरी नींद में सोए हुए हैं।''नेता प्रतिपक्ष ने इसे विफलता और संवेदनहीनता बताया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तत्काल ओवरलोड डंपरों पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, खनन वाहनों की सख्त निगरानी नहीं हुई तथा ट्रैफिक नियमों को कड़ाई से लागू नहीं किया गया तो वे सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे और सरकार को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित