ग्वालियर , फरवरी 3 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में ओलावृष्टि की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान मौके पर पहुंचीं और बड़की सराय एवं सिकरौदा गांव में ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने खेत-खेत जाकर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से चर्चा कर नुकसान की जानकारी ली।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने एसडीएम भितरवार एवं राजस्व विभाग के समस्त स्टाफ को निर्देश दिए कि ओला प्रभावित खेतों का सर्वेक्षण कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी प्रभावित किसान सर्वेक्षण से वंचित नहीं रहना चाहिए और यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सर्वे सूची में शामिल न हो।

ओलावृष्टि की सूचना मिलने के बावजूद मौके पर नहीं पहुंचने पर पटवारी संजय शर्मा को कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने का दोषी मानते हुए कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रभावित किसानों को आश्वस्त किया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार सभी पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित