बैतूल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने प्रभावित गांवों का दौरा कर फसल नुकसान का जायजा लिया और सर्वे कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने ग्राम सेमझिरा, जमबाड़ी और धारणी में गेहूं, गोभी, चना और टमाटर सहित अन्य फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वे में कोई भी प्रभावित किसान छूटने न पाए।

उन्होंने बताया कि सर्वे दल तेजी से कार्य कर रहे हैं और शीघ्र ही प्रक्रिया पूर्ण कर पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को भी निर्देश दिए गए कि फसल क्षति का समय पर पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए और दावा प्रक्रिया में लापरवाही न हो।

दौरे के दौरान उन्होंने ग्राम सेमझिरा में नल-जल योजना की समीक्षा की और दीर्घकालीन जल प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति और पोषण आहार वितरण की जानकारी ली गई तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों को नियमित पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। संभागायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुलताई में एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित