कोच्चि , फरवरी 06 -- केरल स्टार्टअप मिशन (केएसयूएम) ने राज्य पिछड़ा वर्ग विकास विभाग (बीसीडीडी) के सहयोग से ओबीसी और ओईसी श्रेणी के उद्यमियों द्वारा शुरू किए गए स्टार्टअप को समर्थन प्रदान करने उद्देश्य से वित्तीय सहायता के लिए आवेदन आमंत्रित किया है।

बीसीडीडी वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत, चयनित स्टार्टअप उत्पाद विकास एवं बाजार में प्रवेश के लिए 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता प्राप्त करने के पात्र होंगे।

इस पहल का उद्देश्य पिछड़े श्रेणी के उद्यमियों को नवीन विचारों को व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य उत्पादों में परिवर्तित करने एवं अपने उद्यमों को आगे बढ़ाने में सक्षम बनाकर एक समावेशी स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है।

यह योजना प्रारंभिक चरण के स्टार्टअप्स को विचारों के सत्यापन, उत्पाद निर्माण एवं प्रारंभिक बाजार तक पहुंच में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करने के लिए बनाई गई है।

आवेदक ओबीसी या ओईसी श्रेणी का होने चाहिए, स्नातक होना चाहिए, उनकी आयु 23 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए और आवेदन करने वाले स्टार्टअप में कम से कम 80 प्रतिशत इक्विटी स्वामित्व होना चाहिए। आवेदक की वार्षिक पारिवारिक आय पांच लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

उत्पाद विकास अनुदान चाहने वाले स्टार्टअप को केरल स्टार्टअप मिशन के साथ पंजीकृत होना चाहिए और उनके पास एक वैध केएसयूएम विशिष्ट आईडी होनी चाहिए। पात्र उद्यमी बीसीडीडी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित