जशपुर , फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन आघात' के तहत चलाये गये अभियान में ओडिशा से गांजा लेकर आ रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद की है। जप्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बतायी जा रही है। ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी आरा क्षेत्र के बोरोझरिया जंगल में पुलिस ने कार्रवाई कर एक क्रेटा कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर डिक्की में प्लास्टिक की थैलियों में भरा 52 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार के तीनों संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया, जिनमें से एक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पकड़े गये आरोपियों की पहचान शहरूख शाह (34 ) और तारिक अंसारी (27 ) के तौर पर हुई है। दोनों जशपुर निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर जशपुर में बेचने की बात कबूल की है।

पुलिस ने यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में की। उन्होंने बताया कि तीसरे फरार आरोपी को चिह्नित कर लिया गया है और शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह कार्रवाई शनिवार सुबह मुखबीर सूचना के आधार पर की गयी। सूचना मिलते ही पुलिस ने बीरोपानी-काशीबंद क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी थी, जहां संदिग्ध कार को आता देख त्वरित कार्रवाई की गयी।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरा थाना में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित