भुवनेश्वर , मार्च 16 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में लगी आग के कारणों की जांच के लिए छह सदस्यीय तथ्य-जांच समिति का गठन किया है। सोमवार को ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी इस आग में दस मरीजों की मौत हो गयी है।

समिति की अध्यक्षता विकास आयुक्त देवरंजन कुमार सिंह करेंगे। अन्य सदस्यों में अग्निशमन सेवाओं के आईजी डॉ. उमाशंकर दाश, मुख्य विद्युत निरीक्षक एवं ईआईसी बरदा प्रसन्न दाश, शहरी सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के ईआईसी बिरंची नारायण प्रधान, मुख्य अभियंता (भवन) प्रियव्रत सामंतराय और चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण निदेशक प्रो. (डॉ.) संतोष कुमार मिश्रा शामिल हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के सूत्रों के अनुसार, समिति एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का दौरा करेगी ।

घटना के बाद मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने इस त्रासदी की न्यायिक जांच के आदेश दिये और प्रत्येक मृतक मरीज के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की।

दौरे के दौरान श्री माझी ने अन्य आईसीयू में स्थानांतरित बचाये गये मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस दुखद आग में अपने परिजनों को खो दिया है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित