भुवनेश्वर , मार्च 10 -- ओडिशा सरकार ने मार्च 2027 तक राज्य के हर घर में सुरक्षित पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। ओडिशा के पंचायती राज मंत्री रबी नायक ने मंगलवार को विधानसभा में यह जानकारी दी।
प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक मनोरंजन ध्यान सामंतराय के सवाल के जवाब में श्री नायक ने बताया कि सरकार वर्तमान में राज्य भर में 207 मेगा पेयजल परियोजनाएं लागू कर रही है। इनमें से 26 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि अन्य 28 परियोजनाओं के इस मार्च के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि पांच मार्च तक राज्य के 68,47,752 परिवारों को पेयजल की आपूर्ति की जा चुकी है, जो कुल घरों का लगभग 77 प्रतिशत है। ओडिशा के कुल 44,531 गांवों में से 11,777 गांवों में पेयजल परियोजनाएं चालू हो गयी हैं।सदन में उस समय हंगामा देखने को मिला, जब बीजू जनता दल (बीजद) के सदस्यों ने मंत्री के उस दावे पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने एक साल के भीतर 26,000 ट्यूबवेल लगाये हैं, जबकि पिछली सरकार ने 24 वर्षों में इतने काम किये थे।
मंत्री ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में तैयार की गयी दोषपूर्ण विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के कारण कई पेयजल परियोजनाओं की गति धीमी हुई है।
उन्होंने सदन को यह भी सूचित किया कि 23 ग्राम पंचायतों के 200 गांवों के लिए एक मेगा पाइप्ड वॉटर सप्लाई (पीडब्लूएस) परियोजना की योजना बनायी गयी है। इसके पूरा होने पर करीब 1.5 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित