भुवनेश्वर , फरवरी 07 -- ओडिशा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। रायगड़ा जिला पुलिस कार्यालय (डीपीओ) में आयोजित विशेष कार्यक्रम में 15 हार्डकोर माओवादियों ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एंटी-नक्सल ऑपरेशंस) संजीब पांडा के समक्ष औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया।

राज्य पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों ने स्वेच्छा से हथियार डालते हुए एडीजी पांडा को अपने हथियार सौंपे, जो हिंसा का मार्ग छोड़ मुख्यधारा में लौटने के उनके निर्णय का प्रतीक है।

एडीजी पांडा ने कहा कि यह आत्मसमर्पण क्षेत्र में वामपंथी उग्रवाद की कमजोर पड़ती पकड़ और युवाओं का सरकार की विकासोन्मुखी तथा जन-केंद्रित नीतियों पर बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी), डिस्ट्रिक्ट वॉलंटरी फोर्स (डीवीएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के निरंतर अभियानों से माओवादियों का आधार काफी कमजोर हुआ है।

एडीजी ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी कैडरों को राज्य सरकार की समर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत लाभ प्रदान किए जाएंगे। इसके अंतर्गत उन्हें आर्थिक सहायता, व्यावसायिक प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ दिया जाएगा, ताकि वे सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा में पुनः शामिल हो सकें।

आत्मसमर्पण करने वालों में राज्य समिति के सदस्य निखिल और इंदु शामिल हैं, जिन पर प्रत्येक के खिलाफ 55 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा एक डिविजनल कमेटी सदस्य, पांच एरिया कमेटी सदस्य और आठ पार्टी सदस्य भी शामिल हैं। इन सभी पर कुल मिलाकर 1.98 करोड़ रुपये का इनाम था।

माओवादियों ने दो एके-47 राइफल, पांच एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक स्टेन गन, एक .303 राइफल, चार सिंगल-शॉट हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित कुल 14 हथियार पुलिस को सौंपे। बरामद हथियारों से संबंधित इनाम की राशि लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है।

यह समूह बीजीएन (बंशधारा, घुमान और नागाबली) डिवीजन से संबंधित था और रायगड़ा, कंधमाल, गजपति तथा कालाहांडी जिलों में सक्रिय था।

निखिल वर्ष 2004 में माओवादी संगठन से जुड़ा था और 2008 से बीजीएन डिवीजन में सक्रिय था। दिसंबर 2025 में कंधमाल में केंद्रीय समिति सदस्य गणेश उइके की मौत के बाद वह राज्य में शीर्ष माओवादी नेताओं में शामिल हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित