भुवनेश्वर , अप्रैल 08 -- ओडिशा सरकार ने राज्य की राजस्व व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 1,363 कनिष्ठ राजस्व सहायकों के पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है।
यह निर्णय वित्त विभाग के प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरविंद पाढ़ी ने इस संबंध में राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह भर्ती प्रक्रिया राज्य के सभी 30 जिलों में सीधी भर्ती के माध्यम से की जाएगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामाजिक एवं शैक्षणिक रूप से पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण के साथ-साथ महिलाओं, दिव्यांगजनों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रावधान सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिला कलेक्टरों को ओडिशा अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित