भुवनेश्वर , मार्च 19 -- ओडिशा की प्रति व्यक्ति आय 2025-26 में मौजूदा कीमतों पर 1,86,761 रुपये होने का अनुमान है, जो राष्ट्रीय औसत से 8.8 प्रतिशत कम है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को विधानसभा में कांग्रेस विधायक सागर चरण दास के प्रश्न के उत्तर में बताया किया कि ओडिशा की अर्थव्यवस्था का विकास तेजी से हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रति व्यक्ति आय में 2024-25 (1,82,548 रुपये) की तुलना में 2025-26 में 9.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
श्री माझी ने एक लिखित उत्तर में प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के उपायों के बारे में बताया और कहा कि राज्य सरकार कृषि और संबद्ध गतिविधियों, उद्योगों, कौशल, एमएसएमई, सेवाओं, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, परिवहन सहित प्रमुख क्षेत्रों को प्राथमिकता दे रही है।उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और ओडिशा ग्रामीण विकास एवं विपणन सोसाइटी (ओआरएमएएस) के माध्यम से, सरकार स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण लाभार्थियों के लिए स्थायी आजीविका और कौशल विकास को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सुभद्रा योजना लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य राज्य भर में एक करोड़ से अधिक महिलाओं को व्यापक सामाजिक-आर्थिक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का लक्ष्य मौजूदा एमएसएमई योजनाओं के तहत स्वयं सहायता समूह की आजीविका गतिविधियों को लघु और सूक्ष्म उद्यमों तक ले जाकर नई ऊंचाइयों को छूना है।
श्री माझी ने कहा कि सामाजिक समावेश एक प्राथमिकता बनी हुई है जिसके लिए अनुसूचित जातियों के बीच गरीबी कम करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) और आदिवासी परिवारों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए डिज़ाइन किया गया मुख्यमंत्री जनजाति जीविका मिशन राज्य भर के जिलों में लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साथ ही दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयूजीकेवाई) ग्रामीण युवाओं के लिए महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर प्रदान करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित