भुवनेश्वर , फरवरी 10 -- ओडिशा में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को बड़ी घोषणाा करते हुए कहा कि 'बिमान योजना' के तहत राज्य के विभिन्न एयरस्ट्रिप्स पर एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सके।

यह घोषणा भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में एम्बुलेंस सेवा के दूसरे चरण में 250 नयी एम्बुलेंसों की शुरूआत के अवसर पर की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्देश्य यह है कि मरीजों को कम से कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सके और आपात सेवाओं की दक्षता बढ़ाई जा सके।

वर्तमान में राज्य के विभिन्न हवाई अड्डों पर पांच एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस तैनात हैं, जबकि झारसुगुड़ा स्थित कैंसर अस्पताल में दो एएलएस एम्बुलेंस सेवाएं दे रही हैं। 'बिमान योजना' के तहत राउरकेला और जेपोर जैसे स्थानों की एयरस्ट्रिप्स पर भी एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने कुल 428 नयी एम्बुलेंस की व्यवस्था की है। पहले चरण में 23 दिसंबर को 150 एम्बुलेंस शुरू की गई थीं, जबकि मंगलवार को 250 और एम्बुलेंस इसमें जोड़ी गईं। इन वाहनों की खरीद पर राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से लगभग 111 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।

इस समय ओडिशा में कुल 866 आपातकालीन एम्बुलेंस संचालित हो रही हैं। इसके अतिरिक्त 'जननी एक्सप्रेस' सेवा के तहत 500 विशेष एम्बुलेंस गर्भवती महिलाओं और बीमार बच्चों के लिए समर्पित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेवा राज्यवासियों के लिए जीवनरेखा साबित हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित