भुवनेश्वर , फरवरी 24 -- ओडिशा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी में शामिल बेनामी बैंक खातों पर नकेल कसने के अपने प्रदेशव्यापी 'ऑपरेशन साइबर कवच' अभियान के दौरान 400 साइबर अपराध मामले दर्ज किए हैं और 216 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अभियान के तहत पुलिस ने बेनामी बैंक खातों से संबंधित 400 मामले, एटीएम से निकासी से जुड़े आठ मामले, चेक से निकासी से जुड़े 13 मामले और फर्जी सिम कार्ड एवं पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) लेनदेन से संबंधित नौ मामले दर्ज किए। अभियान के दौरान कुल 9,376 संदिग्ध बेनामी बैंक खातों का सत्यापन किया गया।

यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) योगेश बहादुर खुरानिया के निर्देश पर और जिला पुलिस अधीक्षकों (एसपी) एवं पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) की प्रत्यक्ष देखरेख में चलाया जा रहा है। राज्य भर में जिला साइबर अपराध इकाइयां धोखाधड़ी वाले बैंक खातों और उनके सहयोगियों की पहचान कर रही हैं और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित