जालंधर , दिसंबर 11 -- ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में जारी उन्नीसवें ऑल इंडिया बलवंत सिंह कपूर अंडर-19 लड़कों के हॉकी टूर्नामेंट के पांचवेदिन वीरवार को पूल बी की ओड़ीशा नवल टाटा हाई परफार्मेंस सेंटर और पूल सी में सुरजीत हॉकी अकादमी की टीम ने चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
पहले मैच में साई एनसीओई सोनीपत हरियाणा ने जरखड़ हॉकी अकादमी लुधियाना को 5-2 से हराया। विजेता टीम की तरफ से दो गोल सुनील, अंकुश, सरिजन यादव, आदित्य कुमार ने 1-1 गोल किया। जरखड़ अकादमी की तरफ से अर्जन दीप सिंह ने 2 गोल किये। साई एनसीओई सोनीपत हरियाणा के सुनील को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
ओडिशा नवल टाटा हाई परफार्मेंस सेंटर की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए शाहबाद हॉकी अकादमी हरियाणा को 6-0 से हराया। योजिन मिंज ने दो, बिलकन ओरम ने 2, बिद्यानंदा सिंह और दीपक परधान ने 1-1 गोल किया। ओड़िशा टीम के योजिन मिंज को मैन ऑफ दा मैच चुना गया।
सुरजीत हॉकी अकादमी ने एसएआईएल हॉकी अकादमी रुड़केला को 3-1 से हराया। सुरजीत अकादमी की तरफ से हर्षदीप सिंह, अजयपाल सिंह, मनदीप सिंह ने 1-1 गोल किया। एसएआईएल टीम की तरफ लेलसन मिंज ने एक गोल किया। सुरजीत हॉकी अकादमी के अजयपाल सिंह के मैन ऑफ द मैच चुना गया।
साई एनसीओई लखनऊ ने आर्मी ब्वायज स्पोर्ट्स कंपनी बेंगलुरु को 6-2 से हराया। विजेता टीम की तरफ से सूरज कुमार, गौरव यादव रितेश पांडे, मिथलेश यादव ने 1-1 , सलमान लाकड़ा ने दो गोल किये। आर्मी टीम की तरफ से शुभम संजय शिंदे और अर्ष अली ने 1-1 गोल किया। साईएनओसीई लखनऊ के सलमान लाकड़ा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शुक्रवार को एसजीपीसी हॉकी अकादमी अमृतसर वर्सेज साई एनसीओई इंफाल 9.30 बजे, नामधारी स्पोर्ट्स अकादमी वर्सेज ब्वायज होस्टल लखनऊ 11 बजे, राउंड ग्लास हॉकी अकादमी वर्सेज घुम्मण हीरा राइजर हॉकी अकादमी दिल्ली एक बजे और नवल टाटा हॉकी अकादमी वर्सेज हॉकी हिमाचल अकादमी 2.30 बजे मैच खेले जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित