नयी दिल्ली , फरवरी 26 -- मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरूवार को कहा कि ओडिशा सरकार प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ करने और राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रचार करने के लिये नई दिल्ली और भारत के कई अन्य शहरों में ओडिशा भवनों का निर्माण करेगी।
श्री माझी ने यहां गुरुवार को में नए ओडिशा भवन की आधारशिला रखते हुए कहा कि जल्द ही अयोध्या, बेंगलुरु और सूरत में भी अतिरिक्त भवनों का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए संबंधित राज्य सरकारों के साथ भूमि अधिग्रहण की चर्चा चल रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, "कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में ओडिशा भवन पहले से ही काम कर रहे हैं और जनता की सुविधा के लिये हम मुंबई में एक और सुविधा केंद्र बनाने की योजना बना रहे हैं।" सभी ओडिशा भवनों और उनकी सुविधाओं के रखरखाव के लिए एक समर्पित विभाग स्थापित किया जाएगा।
राजधानी में बनने वाला नया ओडिशा भवन अपनी वास्तुकला के माध्यम से राज्य की समृद्ध विरासत, कला और संस्कृति को प्रतिबिंबित करेगा।
वर्तमान भवन पुराना हो गया था और वर्तमान आवश्यकताओं के लिए अपर्याप्त था, जिसके कारण तीन तलघर (बेसमेंट) और छह मंजिलों वाली एक आधुनिक सुविधा के निर्माण का निर्णय लिया गया। इस भवन में 45 कमरों के सेट, पहली मंजिल पर एक प्रदर्शनी क्षेत्र और दूसरी मंजिल पर 70 सीटों वाला सम्मेलन कक्ष, साथ ही सभी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। माझी ने बताया कि 93.27 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू होने वाला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित