रायगढ़ , जनवरी 24 -- ओडिशा और छत्तीसगढ़ के वाहन मालिकों के बीच हाल ही में उपजे विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से रायगढ़ जिले के आक्रोशित सैकड़ों वाहन मालिकों ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बीते दिनों रायगढ़ जिले के टपरिया बॉर्डर पर ओडिशा के कुछ वाहन मालिकों द्वारा रायगढ़ के वाहन मालिकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। इस मामले में तमनार थाना में 6 लोगों के खिलाफ नामजद तथा 100 से अधिक लोगों के खिलाफ अन्य के रूप में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। हालांकि घटना को लगभग पांच दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
गिरफ्तारी में हो रही देरी से नाराज वाहन मालिक बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में वाहन मालिकों ने बताया कि मुख्य आरोपी बंटी डालमिया खुलेआम रायगढ़ में घूमता नजर आ रहा है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित