कांकेर, जनवरी 14 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की अनदेखी ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के बीच बुधवार को कांकेर के ग्राम कुलगांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब ओडिशा के नवरंगपुर जिले से श्रद्धालुओं से भरी एक टैक्सी (ओमनी बस) पखांजूर मेला देखने जा रही थी। टैक्सी कुलगांव के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।

चालक समेत महिला यात्री की मौत,हादसे में वाहन चालक व मालिक ओमप्रकाश कार्ला (पिता सेवाराम कार्ला, उम्र 53 वर्ष, निवासी बोरगांव, केशकाल) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी मृतका की पहचान मिताली मजूमदार (पति निर्मल मजूमदार, उम्र 45 वर्ष, निवासी भामा कुंदई, जिला नवरंगपुर, ओडिशा) के रूप में हुई है। दोनों की मौत से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से कोमलदेव मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कांकेर पहुंचाया गया। कई घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

जिले के पुलिस अधिकारी ने घायलों के बारे में बताया,सोभित राय (निवासी पीवी-02 पारबिल), सुजिता मजूमदार (40), दीनबंधु विश्वास (47), रिभा राय (55), प्रमिला अधिकारी (38), राज राय (14), टुकुन विश्वास (15), अशिम अधिकारी (30), दिव्या अधिकारी (5), रीता अधिकारी (22), दीक्षित अधिकारी (8 माह), रजिया (35), रिफत (15), श्यामलाल नेताम (50) सहित अन्य,सभी का इलाज जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित