भुवनेश्वर , फरवरी 25 -- ओडिशा सरकार ने खरीफ विपणन सीजन 2025-26 के लिये धान खरीद प्रक्रिया में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य के सभी 30 जिलों में खरीद के कुल लक्ष्य का 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा कर लिया है।
एक आधिकारिक जानकारी के अनुसार राज्य के 13 जिलों ने 90 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य प्राप्त कर लिया है, जबकि सात जिलों ने 95 प्रतिशत से ज्यादा की उपलब्धि दर्ज की है।
जिलों के प्रदर्शन की बात करें तो सुबर्णपुर जिला 98 प्रतिशत की रिकॉर्ड खरीद के साथ पूरे राज्य में शीर्ष पर बना हुआ है, जहां अब तक 3,76,556 क्विंटल धान किसानों से खरीदा जा चुका है। साथ ही बारगढ़, बोलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट, नुआपाड़ा और संबलपुर जैसे जिलों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 प्रतिशत से अधिक का आंकड़ा पार किया है। बौद्ध, देवगढ़, गजपति, गंजम, झारसुगुड़ा और रायगढ़ा जिलों ने भी 90 प्रतिशत से अधिक खरीद कर राज्य की प्रगति को मजबूती दी है।
इस साल धान खरीद प्रणाली में किसानों का भरोसा भी बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। अंगुल, कटक, मयूरभंज और क्योंझर सहित कई जिलों में पिछले सीजन के मुकाबले खरीद की मात्रा और किसानों की भागीदारी में काफी वृद्धि दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित