भुवनेश्वर , मार्च 10 -- भारतीय रेलवे ने दो नयी 'अमृत भारत एक्सप्रेस' ट्रेनें शुरू की हैं, जो पूर्वी तट रेलवे (ईसीओआर) के अधिकार क्षेत्र से होकर गुजरेंगी।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक ये ट्रेनें उत्तर-पूर्व, पूर्वी और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेंगी तथा यात्रियों को सस्ती और आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी।

उन्होंने बताया कि कामाख्या-चार्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस उत्तर-पूर्व और देश के दक्षिणी हिस्से के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी। यात्रा के दौरान यह ट्रेन ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगी। इनमें बालासोर, भद्रक, जाजपुर, कटक, खुर्दा, गंजाम, श्रीकाकुलम और विशाखापत्तनम शामिल हैं। यह सेवा ओडिशा, आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत तक पहुंच को आसान बनायेगी। यह ट्रेन हर रविवार को कामाख्या से और हर बुधवार को चार्लपल्ली से रवाना होगी।

एक अन्य ट्रेन पोदानूर-धनबाद अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस, तमिलनाडु के पोदानूर को पूर्वी भारत के प्रमुख औद्योगिक शहर धनबाद से जोड़ेगी। अपनी यात्रा के दौरान यह ट्रेन आंध्र प्रदेश और ओडिशा के विशाखापत्तनम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम, रायगढ़ा, कालाहांडी, बलांगीर, बरगढ़, संबलपुर, झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ जिलों से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन दक्षिण भारत और पूर्वी कोयला बेल्ट क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए संपर्क बढ़ायेगी। यह हर शनिवार को पोदानूर से और हर सोमवार को धनबाद से रवाना होगी।

इन दो ट्रेनों के शुरू होने से क्षेत्र में रेल आवागमन काफी मजबूत होने की उम्मीद है। इससे छात्रों, श्रमिकों और व्यापारियों को लाभ होगा। साथ ही यह ओडिशा, आंध्र प्रदेश और ईसीओआर के तहत आने वाले आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन, तीर्थ यात्रा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें आधुनिक एलएचबी कोच वाली ट्रेनें हैं, जिन्हें बेहतर यात्री सुविधाओं के साथ सस्ती लंबी दूरी की यात्रा के लिए तैयार किया गया है। इन ट्रेनों में बेहतर बैठने की व्यवस्था, सामान रखने के लिए अधिक जगह, उन्नत सुरक्षा उपाय और बेहतर आराम की सुविधाएं हैं। ये मुख्य रूप से जनरल और स्लीपर क्लास के यात्रियों की जरूरतों को पूरा करती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित