केंद्रपाड़ा , दिसंबर 13 -- गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य के वन कर्मियों ने शनिवार तड़के एक मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नाव को रोका और तय "नो-फिशिंग ज़ोन" के अंदर अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में आठ मछुआरों को गिरफ्तार किया।

अभयारण्य के वनपाल कपिलेंद्र प्रधान ने बताया कि वन अधिकारियों ने मछली पकड़ने वाली नाव के साथ-साथ पकड़ी गयी मछलियां, मछली पकड़ने के उपकरण और अन्य संबंधित सामान जब्त कर लिया।

उन्होंने कहा कि लुप्तप्राय ओलिव रिडले कछुओं के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल सुनिश्चित करने के लिए अभयारण्य में निगरानी बढ़ा दी गयी है क्योंकि गहरे समुद्र में कछुओं का प्रजनन का मौसम शुरू हो गया है।

उन्होंने कहा कि नियमित समुद्री गश्त के दौरान वन कर्मियों ने प्रतिबंधित क्षेत्र के अंदर मशीनीकृत मछली पकड़ने वाली नाव को देखा, जिसके बाद नाव को जब्त कर लिया गया और मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार मछुआरों पर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा नौ, 27, 29 और 31 के तहत मामला दर्ज किया गया। श्री प्रधान ने बताया कि बाद में उन्हें एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित