भुवनेश्वर , मई 03 -- उत्तरी ओडिशा में 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के कारण हजारों उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में भारी कमी आई है, जिससे आम लोगों को आर्थिक तौर पर बड़ी राहत मिली है।

टाटा पावर और ओडिशा सरकार के संयुक्त उद्यम 'टीपी नॉर्दर्न ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड' (टीपीएनओडीएल) ने ग्रामीण इलाकों में इस योजना को तेजी से लागू किया है। गर्मी के इस मौसम में, जब पंखे और कूलर चलने से बिजली की खपत बढ़ जाती है, सौर ऊर्जा इन उपभोक्ताओं के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है।

नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस योजना के तहत छतों पर सौर पैनल लगाने से पिछले महीने 6,302 से अधिक उपभोक्ताओं बिजली बिल शून्य आया है। इसके अतिरिक्त, बिल पाने वाले कुल उपभोक्ताओं में से 50 प्रतिशत से अधिक की मासिक बिजली दरों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।

टीपीएनओडीएल ने अब तक अपने अधिकार क्षेत्र में 47 मेगावाट से अधिक की रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित की है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और यूएलए मॉडल के तहत 22,000 से अधिक उपभोक्ता सौर पैनल लगा चुके हैं। क्षेत्रीय वितरण की बात करें तो बालासोर में 8,127, मयूरभंज में 4,676, जाजपुर में 3,573, क्योंझर में 2,900 और भद्रक में 2,751 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगवाए हैं।

योजना के व्यावहारिक लाभ स्थानीय निवासियों के अनुभवों में भी झलक रहे हैं। भद्रक जिले के धामनगर की निवासी रंभाभमणि सेठी ने बताया कि दो महीने पहले एक किलोवाट का सिस्टम लगवाने के बाद से उन्हें लगातार दो महीनों से जीरो बिल मिल रहा है। इसी तरह क्योंझर जिले के घाटगांव की सबिता पाले ने तीन किलोवाट का सिस्टम लगवाया है, जिससे उनका मासिक बिल 1,200-1,500 रुपये से घटकर मात्र 150-200 रुपये रह गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित