चेन्नई , मार्च 07 -- तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई स्थित भारतीय सेना के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण संस्थान ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (ओटीए) में शनिवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद कुल 345 अधिकारी कैडेट भारतीय सेना में शामिल किये गये।
इनमें 318 पुरुष अधिकारी कैडेट और 27 महिला अधिकारी कैडेट शामिल हैं, जिन्हें भारतीय सेना की विभिन्न शाखाओं और सेवाओं में कमीशन दिया गया।इसके अलावा मित्र देशों भूटान और तंजानिया के दो अधिकारी कैडेट और दो महिला अधिकारी कैडेट ने भी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग और सैन्य मित्रता को बल मिला।
परेड की समीक्षा लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, पश्चिमी कमान ने की। उन्होंने नये अधिकारियों को बधाई देते हुए उन्हें 'राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा' के सैन्य मूल्यों का पालन करने और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
परेड के बाद आयोजित पिपिंग समारोह में नये अधिकारियों के कंधों पर रैंक चिह्न लगाये गये और उन्होंने भारत के संविधान के प्रति निष्ठा तथा राष्ट्र की रक्षा के संकल्प को दोहराया।
समारोह के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। एसीए पीयूष बिष्ट को स्वॉर्ड ऑफ ऑनर, ओ सी चिराग को ओटीए गोल्ड मेडल, बीयूओ पुष्पिंद्र राठौड़ को सिल्वर मेडल और एसीए पियूष बिष्ट को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।
यह पासिंग आउट परेड भारतीय सेना की परंपराओं और भविष्य के सैन्य नेतृत्व की प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित