मनीला , दिसंबर 16 -- फिलीपींस के आव्रजन ब्यूरो (बीआई) ने मंगलवार को पुष्टि करते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलिया में हाल ही में की गयी घातक गोलीबारी में शामिल दो बंदूकधारियों ने पिछले महीने फिलीपींस का दौरा किया था।

आव्रजन ब्यूरो की प्रवक्ता डाना सैंडोवल के अनुसार, नवीद अकरम और उनके 50 वर्षीय पिता साजिद अकरम एक नवंबर को सिडनी से फिलीपींस पहुंचे और वे दक्षिणी फिलीपींस के दावो शहर में ठहरे। दोनों 28 नवंबर को दावो से मनीला होते हुए सिडनी वापस चले गए।

फिलीपींस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) ने कहा कि उसे संदिग्धों की फिलीपींस की यात्रा करने संबंधित रिपोर्टों की जानकारी है और सूचना की पुष्टि की जा रही है। परिषद ने आगे कहा कि ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है जिससे यह पता चले कि उनकी यात्रा से सुरक्षा को कोई खतरा या तत्काल चिंता उत्पन्न हुई थी।

पैलेस प्रेस ऑफिसर क्लेयर कास्त्रो ने फिलीपीन न्यूज एजेंसी (पीएनए) के हवाले से कहा कि राष्ट्रपति को सलाह देने वाली संस्था एनएससी उन रिपोर्टों की पुष्टि कर रही है कि बोंडी बीच गोलीबारी में शामिल व्यक्ति पहले फिलीपींस की यात्रा कर चुके थे। इस बात की पुष्टि उन मीडिया रिपोर्टों के बाद की गई है जिनमें आरोप लगाया गया था कि संदिग्ध पिता और पुत्र ने सिडनी के बोंडी बीच पर हनुका उत्सव में हमले को अंजाम देने से लगभग एक महीने पहले फिलीपींस में "सैन्य शैली" का प्रशिक्षण लिया था। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने साजिद अकरम को घटनास्थल पर ही गोली मारकर ढेर कर दिया जबकि नवीद अकरम अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

यह हमला उस समय हुआ जब यहूदी लोग हनका के पहले दिन का जश्न मना रहे थे। इस हमले को आधिकारिक तौर पर आतंकवादी कृत्य घोषित किया गया है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि मृतकों में एक 12 वर्षीय लड़की और एक रब्बी शामिल थे। न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने कहा कि जांच जारी रहने तक बोंडी बीच के आसपास का इलाका सील रहेगा। अधिकारियों ने यह भी पुष्टि की कि पास के एक वाहन में मिले विस्फोटक उपकरणों को सुरक्षित रूप से हटा दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित